दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को तत्काल प्रभाव से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, दमन और दीव तथा दादरा और नगर हवेली पुलिस सेवा (दानिप्स) के 25 अधिकारियों के तबादले और तैनाती के आदेश दिए। दिल्ली सरकार के गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, 2009 बैच की आईपीएस अधिकारी मोनिका भारद्वाज को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) से स्थानांतरित करके अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (स्वापक रोधी कार्य बल) के पद पर नियुक्ति दी गई है। इसमें कहा गया है कि 2009 बैच के ही आईपीएस अधिकारी राहुल मलिक और गौरव शर्मा को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) के पद पर तैनात किया गया है।
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी राजा बांठिया को पुलिस उपायुक्त (तकनीकी एवं पी.आई.) के साथ-साथ डीसीपी (आईटी) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। ‘पर्सप्शन मैनेजमेंट एंड मीडिया सेल’ में तैनात पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नेहा यादव से महिलाओं व बच्चों के लिए विशेष पुलिस इकाई (एसपीयूडब्ल्यूएसी) का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है, जबकि प्रवीण कुमार त्रिपाठी को डीसीपी (विशेष प्रकोष्ठ) से स्थानांतरित करके डीसीपी (आयुक्त सचिवालय) भेजा गया है। सुबोध कुमार गोस्वामी को डीसीपी (आर्थिक अपराध शाखा) से स्थानांतरित कर उप निदेशक (डीपीए) बनाया गया है, जबकि आदित्य गौतम को एसीपी (अपराध) से डीसीपी (अपराध) के पद पर तैनात किया गया है।
विकास श्योकंद को डीसीपी (विशेष प्रकोष्ठ) के पद पर तैनात किया गया है, जबकि ए वेंकटेश को अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय (शाहदरा जिला) के रूप में स्थानांतरित किया गया है। मनोज कुमार मीणा को अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय (दक्षिण पूर्व जिला) के पद पर भेजा गया है, जबकि विनय माथुर को अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय (रोहिणी जिला) के रूप में तैनात किया गया है। अन्य तबादलों में जसबीर सिंह को अतिरिक्त डीसीपी-प्रथम (बाहरी जिला), सौरभ चंद्र को अतिरिक्त डीसीपी-प्रथम (पश्चिम जिला) और अजय कुमार को डीसीपी (सुरक्षा) के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
आदेश के मुताबिक, रेणू लता को अतिरिक्त डीसीपी (एसपीयूडब्ल्यूएसी) के पद पर तैनात किया गया है, जबकि विदुषी कौशिक को अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय (द्वारका जिला) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। आशीष कुमार को डीसीपी (आर्थिक अपराध शाखा), मनीष लाडला को डीसीपी (अपराध) और रोहित गुप्ता को डीसीपी (सुरक्षा) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा राम दुलेश मीणा को अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय (उत्तर जिला) से स्थानांतरित करके अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय (उत्तर पश्चिम जिला) के पद पर भेजा गया है।
