ATF और वाणिज्यिक LPG सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी, विमान ईंधन 137 रुपये पहुंचा


नयी दिल्ली, एक अक्टूबर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी के अनुरूप विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत बृहस्पतिवार से 16 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी गई है और साथ ही 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में 62.59 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने यह जानकारी दी। तेल कंपनियों के अनुसार, घरेलू विमानन कंपनियों के लिए एटीएफ की कीमत 121 रुपये से बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

इससे पहले सितंबर में एटीएफ की कीमत 6.28 रुपये प्रति लीटर यानी 5.46 प्रतिशत बढ़ाई गई थी। अगस्त में भी इसमें पांच रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। विमानन कंपनियों की कुल परिचालन लागत में एटीएफ की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत तक होती है।

ऐसे में ईंधन की कीमतें विमानन कंपनियों की लागत को प्रभावित करने वाला एक प्रमुख कारक हैं। विमान ईंधन की कीमत में बढ़ोतरी के साथ ही वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर 62.59 रुपये बढ़ाई गई है। सितंबर में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी।

इससे पहले जुलाई और अगस्त में लगातार दो महीनों में इसकी कीमत क्रमश: 183.50 रुपये और 192 रुपये घटाई गई थी। ये कटौती जून में कीमतों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद की गई थी। उस समय वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंची कीमतों के कारण वाणिज्यिक एलपीजी महंगी हो गई थी।

फरवरी से जून के बीच 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,373 रुपये बढ़कर 1,740.50 रुपये से 3,113.50 रुपये हो गई थी। इसके बाद जुलाई और अगस्त में इसमें कमी की गई। ताजा बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में मानक कीमतों में उतार-चढ़ाव और रुपये-डॉलर विनिमय दर के आधार पर किए गए हैं।

एटीएफ और एलपीजी की कीमतों की हर महीने की पहली तारीख को समीक्षा की जाती है। स्थानीय करों, जैसे मूल्य वर्धित कर (वैट) के कारण अलग-अलग राज्यों में इनकी कीमतें अलग हो सकती हैं। घरों में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले घरेलू एलपीजी की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 942 रुपये ही रहेगी। पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति प्रभावित होने और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी आने के बाद मार्च से जून के बीच घरेलू रसोई गैस की कीमत 89 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाई गई थी। मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।

अभी इनके दाम में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *