Ayodhya: राम मंदिर चढ़ावा गबन केस के 8 आरोपियों की Judicial Custody 21 सितंबर तक बढ़ी


राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत शुक्रवार को 21 सितंबर तक बढ़ा दी गई। आरोपियों के वकील ने यह जानकारी दी। अधिवक्ता कुल शेखर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह आदेश अयोध्या में भ्रष्टाचार निवारण अदालत के विशेष न्यायाधीश रजत वर्मा ने पारित किया।

वह 21 सितंबर को इस मामले की सुनवाई करेंगे। सिंह ने बताया कि अदालत ने पुलिस को अगली सुनवाई में केस डायरी पेश करने का भी निर्देश दिया है। कुल शेखर सिंह ने कहा कि अभियुक्तों की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई बार-बार स्थगित की गई, क्योंकि जांच अधिकारी अदालत के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने में विफल रहे।

अदालत ने अब जांच अधिकारी को निर्देश दिया है कि वह केस डायरी के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत करे। सिंह ने कहा कि यदि पुलिस अगली सुनवाई में केस डायरी प्रस्तुत करने में विफल रही, तो वह अभियुक्तों के लिए जमानत की मांग करते हुए एक आवेदन दायर करेंगे। आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामाशंकर उर्फ टिन्नू यादव शामिल हैं।

मामला राम मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से दिए गए चढ़ावे के कथित गबन से जुड़ा है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, जांचकर्ताओं ने अब तक 79.85 लाख रुपये बरामद किए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *