IGI Airport पर बैंकॉक से पहुंचे दो यात्रियों से 3.37 करोड़ का गांजा बरामद


सीमा शुल्क अधिकारियों ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तीन दिन के भीतर अलग-अलग घटनाओं में बैंकॉक से आए दो यात्रियों के पास से 9.6 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 3.37 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि दोनों मामले 24 और 26 अक्टूबर को हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर यात्रियों की ‘प्रोफाइलिंग’ (यात्रियों की पृष्ठभूमि, यात्रा संबंधी जानकारी और अन्य जोखिम संकेतों के आधार पर उनकी जांच के लिए पहचान करना) के आधार पर पकड़े गए। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, दोनों यात्रियों को ‘ग्रीन चैनल’ (सीमा शुल्क जांच से छूट वाले मार्ग) से हटाकर उनके सामान की एक्स-रे जांच और विस्तृत तलाशी के लिए भेजा गया था।

बयान में कहा गया कि पहले मामले में 24 अक्टूबर को बैंकॉक से आए एक यात्री के ट्रॉली बैग से हरे रंग के पदार्थ से भरी पॉलीथीन की नौ पुड़िया बरामद की गईं। इस पदार्थ का कुल वजन 4,229 ग्राम था और इसकी कीमत करीब 1.48 करोड़ रुपये आंकी गई। दूसरे मामले में 26 अक्टूबर को एक अन्य यात्री के ट्रॉली बैग से इसी तरह के पदार्थ से भरी पॉलीथीन की छह पुड़िया बरामद की गईं।

इनका कुल वजन 5,426 ग्राम था और इनकी कीमत करीब 1.89 करोड़ रुपये बताई गई। बयान के अनुसार, शुरुआती जांच में दोनों मामलों में बरामद पदार्थ गांजा/मारिजुआना पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धारा 43(ए) के तहत जब्त किया गया, जबकि दोनों यात्रियों को इसी अधिनियम की धारा 43(बी) के तहत गिरफ्तार किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *