LoC पर IED ब्लास्ट में PoJK के चार नागरिकों की मौत, पुंछ में अलर्ट


पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास स्थित एक सीमावर्ती गांव में सोमवार को संदिग्ध रूप से आईईडी में विस्फोट में पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद सुरक्षा भारतीय सीमा के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि शक्तिशाली विस्फोट पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर की हजीरा तहसील के सतवाल-नकी इलाके में हुआ और उस समय लोगों का एक समूह नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट पाकिस्तान के हिस्से में पानी की पाइपलाइन बिछा रहा था। अधिकारियों ने सीमा पार से मिली शुरुआती जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान बट्टल मंडोल गांव के फैजान सगीर, इश्तियाक, वकास शरीफ और आसिम रफीक के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि ये चारों लोग आपस में भाई थे।

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, यह अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, संदेह है कि आईईडी में विस्फोट होने से यह घटना हुई। अधिकारियों ने बताया कि इन चारों में से किसी के आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी तत्काल नहीं मिली है।

अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे सेक्टर में अलर्ट जारी कर दिया और स्थिति का आकलन करने तथा सुरक्षा में किसी भी संभावित चूक को रोकने के लिए नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर निगरानी बढ़ा दी। एक अन्य घटनाक्रम में, भारतीय सेना के जवानों ने सोमवार को मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सीमा बाड़ के पास दो पुरानी बारूदी सुरंगों का पता लगाया। अधिकारियों ने बताया कि सुबह आठ बजकर 25 मिनट और दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर रास्ते के निर्माण के दौरान इन बारूदी सुरंगों का पता चला।

सेना के विशेषज्ञों ने बाद में नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों सुरंगों को नष्ट कर दिया। पिछले एक सप्ताह के दौरान सेना ने इस इलाके में करीब एक दर्जन बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *