Poland PM Donald Tusk पहुंचे नई दिल्ली, PM Modi संग करेंगे रणनीतिक वार्ता


पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर बुधवार को नयी दिल्ली पहुंचे। इस यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के उपाय तलाशेंगे। पोलैंड के प्रधानमंत्री के तौर पर टस्क की भारत की यह दूसरी यात्रा है।

इससे पहले, वह 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के नयी दिल्ली आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत है। हवाई अड्डे पर राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने उनका स्वागत किया।

यह यात्रा भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को नयी गति प्रदान करेगी और हमारे दीर्घकालिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाएगी।’’
विदेश मंत्रालय ने पहले कहा था कि टस्क 22 अक्टूबर को मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं का जायजा लेंगे। अगस्त 2024 में मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया गया था।

विदेश मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी बयान के अनुसार, “पोलैंड के प्रधानमंत्री बृहस्पतिवार सुबह विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह राजघाट जाएंगे और महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।”
बयान के मुताबिक, “राजघाट से टस्क हैदराबाद हाउस जाएंगे, जहां वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत करेंगे। दोनों नेता प्रेस के लिए संयुक्त बयान भी जारी करेंगे।”



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *