बिजली कारोबार समाधान प्रदाता पीटीसी इंडिया के निदेशक मंडल ने देश में खनिज एक्सचेंज स्थापित करने और उसका संचालन के लिए 65 करोड़ रुपये के निवेश से पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी गठित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वह लागू कानूनों और नियमों के अनुरूप एक अनुषंगी कंपनी के जरिये खनिज एक्सचेंज स्थापित करने का प्रस्ताव रखती है। यह एक्सचेंज अनुमत खनिजों और अन्य संबंधित क्षेत्रों में आपूर्ति आधारित इलेक्ट्रॉनिक कारोबार की सुविधा देगा।
नियामक प्राधिकरण भारतीय खान ब्यूरो (आईबीएम) ने भारत में खनिज एक्सचेंज स्थापित करने और उसका संचालन करने के लिए कंपनियों से पंजीकरण आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख दो नवंबर, 2026 है। हालांकि, कंपनी ने आवेदन जमा करने के लिए समयसीमा बढ़ाने का अनुरोध किया है।
सूचना के अनुसार, कंपनी के निदेशक मंडल ने 26 अक्टूबर, 2026 को हुई बैठक में अन्य बातों के साथ-साथ भारत में खनिज एक्सचेंज स्थापित करने और उसका संचालन करने के लिए पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी (विशेष इकाई) गठित करने को मंजूरी दी। इस कंपनी की प्रवर्तक पीटीसी इंडिया लिमिटेड होगी। यह मंजूरी आईबीएम से समयसीमा बढ़ाए जाने की अनुमति मिलने के अधीन है।
एक्सचेंज का संचालन खनिज विनियम नियम, 2026 के तहत किया जाएगा। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया कि निदेशक मंडल ने प्रस्तावित अनुषंगी कंपनी में 65 करोड़ रुपये तक के इक्विटी निवेश को भी मंजूरी दी है। सूचना में कहा गया कि विशेष इकाई (एसपीवी) के गठन के बाद भारतीय खान ब्यूरो के पास आवेदन जमा किया जाएगा।
निर्धारित शर्तें पूरी होने और केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के अधीन ब्यूरो पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी करेगा।
