Tonbo Imaging के शेयर की 66 फीसदी प्रीमियम पर लिस्टिंग, BSE पर 1,162 रुपये पर खुला


रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण बनाने वाली कंपनी टोनबो इमेजिंग इंडिया लिमिटेड का शेयर अपने 700 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 66 प्रतिशत की बढ़त के साथ शुक्रवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ। बीएसई पर शेयर 1,162 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ जो निर्गम मूल्य से 66 प्रतिशत अधिक है। बाद में यह 1,059.05 रुपये पर कारोबार करने लगा जो सूचीबद्धता के स्तर से 8.86 प्रतिशत कम है।

हालांकि, यह अब भी निर्गम मूल्य से 51.28 प्रतिशत अधिक रहा। एनएसई पर शेयर निर्गम मूल्य से 65.71 प्रतिशत अधिक 1,160 रुपये पर खुला। बाद में यह 1,058.30 रुपये पर आ गया जो शुरुआती स्तर से 3.64 प्रतिशत नीचे, लेकिन निर्गम मूल्य से 51.18 प्रतिशत अधिक रहा।

सूचीबद्धता के बाद कंपनी का बाजार पूंजीकरण बीएसई पर 6,191.91 करोड़ रुपये और एनएसई पर 6,060.45 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के 852.18 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन करीब 136 गुना अभिदान मिला था। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 665-700 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।

बेंगलुरु स्थित टोनबो इमेजिंग निगरानी, टोही, लक्ष्य निर्धारण एवं नियंत्रण संबंधी कार्यों में इस्तेमाल होने वाले सेंसर, प्रोसेसिंग, संचार और मार्गदर्शन प्रणालियों का डिजाइन एवं विनिर्माण करती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *