टाटा मोटर्स और अमेजन ने ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स के लिए 3,000 इलेक्ट्रिक ट्रक तैनात करने को लेकर साझेदारी की है। दोनों कंपनियों ने मंगलवार को संयुक्त घोषणा में यह जानकारी दी। भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने ट्रकों के शुरुआती बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘मैं भारत में अमेजन के परिवहन नेटवर्क में 3,000 इलेक्ट्रिक ट्रक तैनात करने के लिए इस महत्वपूर्ण सहयोग को लेकर टाटा मोटर्स और अमेजन को बधाई देता हूं।’’
मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों और दोपहिया वाहनों के क्षेत्र में उत्साहजनक प्रगति हुई है, लेकिन वाणिज्यिक परिवहन का विद्युतीकरण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे भारत की अर्थव्यवस्था का विस्तार होगा, माल ढुलाई की मांग भी बढ़ती रहेगी। इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की वृद्धि के साथ ऊर्जा दक्षता में भी उल्लेखनीय सुधार हो।
आज की यह पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’
अमेजन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी 3,000 इलेक्ट्रिक ट्रक अगले तीन साल के भीतर तैनात किए जाएंगे।
